गांजा तस्करी पर शिकंजा: ₹9.64 लाख की संपत्ति जब्त, दो नाबालिग भी पकड़े गए।

  महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.800 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार।

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14.800 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और ₹49,000 नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹9 लाख 64 हजार बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर दो मोटरसाइकिलों के जरिए गांजा ले जाया जा रहा है।

नर्रा जांच नाका पर घेराबंदी कर पकड़ा

सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम नर्रा जांच नाका पर घेराबंदी की। इस दौरान लाल रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 U 4526 पर सवार संदिग्ध को रोका गया। वहीं काले रंग की सीडी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 AB 4789 पर दो अन्य व्यक्ति पायलेटिंग करते हुए पाए गए।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपना नाम नूरप बेमाल, पिता दैतारी बेमाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी करलागांव, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी थे, जो गांजा को सुरक्षित पहुंचाने के लिए पायलेटिंग कर रहे थे।

मोटरसाइकिल की सीट में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी द्वारा मोटरसाइकिल की सीट में बोरी के अंदर गांजा छिपाकर ले जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, यह गांजा फुलबानी (ओडिशा) के जंगल क्षेत्र से लाकर रायपुर, छत्तीसगढ़ में खपाने की योजना थी।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 14.800 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7 लाख 40 हजार है, बरामद किया।

गांजा समेत वाहन, मोबाइल और नकदी जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन और ₹49 हजार नकद भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति का कुल मूल्य ₹9 लाख 64 हजार है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी नूरप बेमाल सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को प्रकरण में पकड़ा है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा तस्करी कर रायपुर में खपाने की कोशिश को बड़ा झटका लगा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post