महासमुंद पुलिस का बड़ा एक्शन: विशेष अभियान में 150 वारंटियों को किया गिरफ्तार, फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा।

अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत: महासमुंद पुलिस ने चारों अनुविभागों में चलाया विशेष अभियान, चेक बाउंस के 7 वारंटी भी न्यायालय पेश



महासमुंद।

जिले में अपराध नियंत्रण और लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में 03 जुलाई से 08 जुलाई 2026 तक चलाए गए छह दिवसीय विशेष "सर्च मुहिम" के दौरान जिलेभर में कुल 150 वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया। इनमें 29 स्थायी वारंट तथा 121 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके अलावा चेक बाउंस (एनआई एक्ट) के 7 वारंटियों की भी तामीली की गई।


पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के लिए जिले के सभी अनुविभागों में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों से प्राप्त लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपियों पर प्रभावी शिकंजा कसने में सफलता मिली है।


पुलिस के अनुसार तामील किए गए 29 स्थायी वारंटों में आबकारी अधिनियम के 12, गाली-गलौच एवं मारपीट के 5, एनआई एक्ट (चेक बाउंस) के 7, सड़क दुर्घटना के 3, चोरी का 1 तथा महिला संबंधी अपराध का 1 मामला शामिल है। वहीं 121 गिरफ्तारी वारंटों का भी विधिवत निष्पादन कर संबंधित आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


अनुविभागवार कार्रवाई


महासमुंद अनुविभाग में थाना कोतवाली से 5, तुमगांव से 11 गिरफ्तारी वारंट तथा खल्लारी थाना से 2 स्थायी एवं 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।


बागबाहरा अनुविभाग में थाना बागबाहरा से 12 स्थायी एवं 9 गिरफ्तारी वारंट, कोमाखान से 9 गिरफ्तारी वारंट, जबकि तेंदुकोना थाना से 1 स्थायी एवं 7 गिरफ्तारी वारंट निष्पादित किए गए।


पिथौरा अनुविभाग में थाना पिथौरा से 5 स्थायी एवं 16 गिरफ्तारी वारंट, सांकरा से 2 स्थायी एवं 10 गिरफ्तारी वारंट, जबकि पटेवा थाना से 1 स्थायी वारंट की तामीली की गई।


सरायपाली अनुविभाग में बसना थाना से 3 स्थायी एवं 16 गिरफ्तारी वारंट, सरायपाली थाना से 2 स्थायी एवं 5 गिरफ्तारी वारंट, सिंघोड़ा थाना से 1 स्थायी एवं 26 गिरफ्तारी वारंट, तथा बलौदा थाना से 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।


महासमुंद पुलिस ने बताया कि इससे पहले 01 जून से 05 जून तक चलाए गए विशेष अभियान में भी 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और फरार आरोपियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिल रही है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि माननीय न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी, गिरफ्तारी एवं जमानती वारंटों तथा समनों के त्वरित निष्पादन के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त अभियान चलाकर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post