उड़ीसा से यूपी तक फैले 912 किलो गांजा नेटवर्क का पर्दाफाश, शराब ठेकों की आड़ में चल रहा था खेल।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के 912.760 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क के कथित मुख्य सरगना और मुख्य रिसीवर विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तरप्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ‘सोर्स से डेस्टिनेशन’ तक पहुंचने की रणनीति के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार थाना बसना में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि उड़ीसा से उत्तरप्रदेश तक एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को पलसापाली बैरियर में नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोका गया था। प्रारंभिक जांच में वाहन में कच्चे केले लदे दिखाई दिए, लेकिन तलाशी लेने पर उनके नीचे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक बोरियों से कुल 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
मुख्य आरोपी - विनय कुमार शर्मा
जांच के दौरान वाहन से कई फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त वाहन पर अलग-अलग नंबर प्लेट का उपयोग कर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था।
विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस ने मोबाइल डेटा, व्हाट्सएप गतिविधियों तथा आरोपियों के बयान के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ीं। जांच में सामने आया कि जब्त की गई खेप उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से भेजी गई थी और इसका अंतिम गंतव्य उत्तरप्रदेश का शामली क्षेत्र था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विनय शर्मा पूरे नेटवर्क का मुख्य रिसीवर और वित्तीय समन्वयक बताया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न राज्यों में शराब कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसी नेटवर्क के माध्यम से कथित रूप से अवैध नशे के कारोबार को संचालित किया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले ही वाहन चालक, कथित बिचौलियों और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की आर्थिक और आपराधिक कड़ियों की आगे जांच कर रही है।
महासमुंद पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध नेटवर्क के स्रोत से लेकर अंतिम गंतव्य तक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


