महासमुंद पुलिस की बड़ी सफलता, 10 से अधिक चोरी की वारदातों में शामिल शातिर चोर गिरफ्तार।
महासमुंद। जिले में लगातार हो रही एक जैसी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए महासमुंद पुलिस ने एक शातिर अंतरजिला चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घर निर्माण कार्य चल रहे मकानों को निशाना बनाता था और बेहद चालाकी से घरों में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर करीब 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद, निवासी जिला सक्ती, चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले उस इलाके की रेकी करता था। जिन घरों के बाहर ईंट, गिट्टी या निर्माण सामग्री रखी होती थी, उन्हें वह आसान निशाना मानता था। आरोपी विशेष रूप से उन घरों को टारगेट करता था, जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद होते थे। सूने मकानों में वह कभी चोरी नहीं करता था।
आरोपी घर में पहुंचकर खुद को छड़-सीमेंट सप्लायर बताता था और कम कीमत में सामग्री दिलाने का लालच देकर घरवालों को बातचीत में उलझा देता था। इसी दौरान मौका पाकर आलमारी की चाबी खोजकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर, निवासी बगारपाली थाना तेंदूकोना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और छड़ का पैसा मांगने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने आलमारी की चाबी ढूंढकर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
लगातार एक जैसी घटनाएं सामने आने के बाद महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद को वाहन चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने न सिर्फ बगारपाली की चोरी स्वीकार की, बल्कि कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा, बुंदेली सहित जिले के कई क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना भी कबूल किया।
आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद वह जेवरातों को विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जी.एस ज्वेलर्स और कैलाश ज्वेलर्स से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं अन्य ज्वेलरी दुकानों से भी संपत्ति बरामद करने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। इनमें दुर्ग जिले के उतई, रनचिरई, जामगांव, धमतरी के भखारा, अंडा, मगरलोड तथा जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ और बिर्रा थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी पूर्व में जांजगीर-चांपा जिले के एक मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। इलाज के बहाने जिला अस्पताल ले जाए जाने के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद वह पंजाब भाग गया और कुछ समय बाद वापस लौटकर महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण, 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद कुल संपत्ति की कीमत करीब 32 लाख 38 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
महासमुंद पुलिस ने इस कार्रवाई को तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और टीमवर्क का बड़ा परिणाम बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

