अवैध शराब के खिलाफ महासमुंद पुलिस का विशेष अभियान जारी, बसना थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई।
महासमुंद। जिले में अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ महासमुंद police द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से 64.980 लीटर अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 07 मई 2026 को थाना बसना पुलिस पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर बिक्री के लिए रखा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर रेड की। जांच के दौरान पांच सफेद और नारंगी रंग की प्लास्टिक बोरियों में भारी मात्रा में शराब भरी हुई मिली। पुलिस ने मौके से कुल 336 नग पौवा जीप्सी अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी मात्रा 60.480 लीटर और कीमत लगभग 40 हजार 320 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 25 नग देशी प्लेन शराब भी जब्त की गई, जिसकी मात्रा 4.500 लीटर और कीमत करीब 2 हजार रुपये आंकी गई।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 64.980 लीटर अवैध शराब, जिसकी कुल कीमत 42 हजार 320 रुपये है, जब्त की। मामले में आरोपी राजा बंजारा, निवासी चनौरडीह (भालुपतेरा) थाना बसना जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 584 प्रकरणों में 660 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं अब तक 6940.770 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 92 हजार 730 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
