महासमुंद पुलिस का बड़ा एक्शन: ओडिशा से मुंबई जा रही गांजा खेप पकड़ी, महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार।

एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स की बड़ी सफलता, 5 किलो गांजा और बाइक सहित लाखों की संपत्ति जब्त।

महासमुंद // महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से मुंबई ले जाई जा रही गांजा की खेप को पकड़ लिया है। बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने 05.100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ महाराष्ट्र के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स लगातार अंतरराज्यीय सीमाओं और अंदरूनी मार्गों में सघन जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में 26 मई 2026 को बसना थाना क्षेत्र के ग्राम पलसापाली बैरियर पर वाहनों की जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने महाराष्ट्र नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। संदिग्ध युवक के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले के लोयसिंगा क्षेत्र से लेकर मुंबई में खपाने जा रहा था।

📍 गिरफ्तार आरोपी

परवेज अब्दुल पिता कय्यूम खान (34 वर्ष)
निवासी – मिरा रोड, जिला ठाणे (महाराष्ट्र)

📍 जब्त संपत्ति

✅ 05.100 किलो गांजा – कीमत लगभग ₹2,50,000
✅ बजाज पल्सर मोटरसाइकिल – कीमत लगभग ₹80,000
✅ 02 मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹15,000

➡️ कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹3,45,000 बताई गई है।

महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 95 प्रकरणों में कुल 6431.571 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 करोड़ 73 लाख रुपये से अधिक है। वहीं जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के मामलों में 240 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ सहित कई अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post