ओडिशा से छत्तीसगढ़ में शराब खपाने की साजिश नाकाम, लगातार अभियान में लाखों की शराब जब्त।
महासमुंद/ / महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब की बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 154 लीटर अवैध महुआ शराब, दो मोटरसाइकिल और कुल 76,850 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा थाना एवं चौकी पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा से महुआ शराब लाकर छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना लगातार विफल हो रही है।
📍 पहला मामला – थाना सरायपाली
मुखबिर की सूचना पर ग्राम नूनपानी में आरोपी अजय भारती के घर के बाड़ी में दबिश दी गई। यहां बिक्री के लिए रखी गई 75 लीटर महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी अजय भारती (27 वर्ष) निवासी ग्राम नूनपानी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
📍 दूसरा मामला – थाना सांकरा
ग्राम परसवानी पुल के पास पुलिस ने आरोपी लोकेश निषाद को मोटरसाइकिल में 30 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब परिवहन करते पकड़ा। शराब की कीमत लगभग 4500 रुपये तथा जब्त मोटरसाइकिल की कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
📍 तीसरा मामला – बड़े लोरम मार्ग पर कार्रवाई
पुलिस ने घेराबंदी कर बिना नंबर की सीटी 100 मोटरसाइकिल में सवार दो आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से 245 पाउच ओडिशा निर्मित महुआ शराब (करीब 49 लीटर) बरामद की गई जिसकी कीमत लगभग 7350 रुपये है। पुलिस ने बाइक सहित शराब जब्त कर दोनों आरोपियों जय कुमार प्रधान और महेश निषाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार विशेष अभियान शुरू होने से अब तक कुल 7908.560 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है जिसकी अनुमानित कीमत 21 लाख 91 हजार 605 रुपये है। वहीं 626 प्रकरणों में 709 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

