खट्टी जंगल में युवक की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में तीन दोस्तों ने मिलकर उतारा मौत के घाट।

ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा: शराब के दौरान हुई गाली-गलौज बनी हत्या की वजह, तीन आरोपी गिरफ्तार।


महासमुंद। खट्टी जंगल में मिले युवक के शव के मामले में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और गाली-गलौज के चलते आरोपियों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को ग्राम खट्टी के जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (23 वर्ष) पिता यज्ञनारायण पटेल, निवासी खैराभांठा, महासमुंद के रूप में हुई।

शव के निरीक्षण में मृतक के चेहरे, मुंह, सीने और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए, वहीं गले में पीले रंग का गमछा बंधा हुआ मिला। इस संबंध में सूचक रूपेश पटेल की रिपोर्ट पर थाना में मर्ग क्रमांक 50/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल महासमुंद में कराया गया।

मर्ग जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत हत्या के कारण हुई है। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि घटना की रात मृतक प्रकाश पटेल के साथ उसके परिचित काजू उर्फ चन्द्रहास नेताम और गोपाल प्रधान की बहस हुई थी और वे उसे अपने साथ मोटरसाइकिल में बैठाकर ले गए थे।

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि संदेही घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस ने लगातार दबिश देकर जालंधर सोनवानी को उसके घर से तथा काजू उर्फ चन्द्रहास नेताम और गोपाल प्रधान को गरियाबंद से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मृतक प्रकाश पटेल के दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर खाना-पीना करते थे। करीब एक माह पहले मोहल्ले में शराब पीने के दौरान प्रकाश पटेल ने नशे की हालत में तीनों को मां-बहन की गाली दी थी। इसी बात को लेकर तीनों उससे नाराज थे और बदला लेने की योजना बना रहे थे।

5 अप्रैल 2026 की रात आरोपियों को जानकारी मिली कि प्रकाश पटेल खैरा स्थित गायत्री मंदिर के पास है। इसके बाद काजू और गोपाल, जालंधर की मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचे और प्रकाश पटेल के साथ मारपीट की। बाद में उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर खट्टी जंगल ले गए। वहां कांच की बोतल और पत्थर से उस पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद दोनों आरोपी वापस लौटे और घटना की जानकारी जालंधर सोनवानी को दी। जालंधर ने उन्हें वहां से भाग जाने की सलाह देते हुए पैसे और मोटरसाइकिल देकर गरियाबंद जाने को कहा, जिसके बाद तीनों फरार हो गए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू नेताम (21 वर्ष), गोपाल प्रधान (20 वर्ष) और जालंधर सोनवानी (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक CG 04 QQ 6845 भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post