महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ से अधिक कीमत का गांजा किया नष्ट।

ड्रग्स के खिलाफ सख्ती, जिला स्तरीय कमेटी की मौजूदगी में करीब 10 क्विंटल गांजा नष्ट।


महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जप्त गांजा का नियमानुसार नष्टीकरण किया। शासन की गाइडलाइन के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में करीब 09 क्विंटल 96 किलो 660 ग्राम अवैध गांजा को नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 02 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई शनिवार 11 अप्रैल 2026 को महासमुंद स्थित बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में की गई। नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में संपन्न हुई। इस कमेटी में अध्यक्ष के रूप में पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा जिला आबकारी अधिकारी उपस्थित रहे।

बताया गया कि नष्ट किया गया गांजा थाना कोमाखान में दर्ज तीन अलग-अलग एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों से संबंधित था। इनमें वर्ष 2025 का एक मामला तथा वर्ष 2026 के दो मामले शामिल हैं। इन मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त किया था, जिसे न्यायालयीन प्रक्रिया और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षित रखा गया था।

शनिवार को जिला स्तरीय कमेटी द्वारा पहले जप्त गांजा का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे नष्ट कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत समय-समय पर जप्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया जाता है, ताकि इनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post