मानव तस्करी का पर्दाफाश: लालच देकर उत्तरप्रदेश ले जाकर कराया बंधक श्रम, दो आरोपी गिरफ्तार।

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ईंट भट्ठे में बंधक बनाकर काम कराने वाले गिरोह पर शिकंजा।



महासमुंद।

जिले में मानव तस्करी के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कामिनी नाग (20 वर्ष), निवासी बस्ती बागबाहरा ने थाना बागबाहरा में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम देवरी के भट्ठा संचालक शांता राम साहू एवं तोरण प्रजापति ने उसे 35,000 रुपये एडवांस और अधिक कमाई का लालच देकर उत्तरप्रदेश के एक ईंट भट्ठे में काम करने के लिए ले गए।

पीड़िता के अनुसार, उसे दिनांक 10 अक्टूबर 2025 से 11 अप्रैल 2026 तक वहां बंधक बनाकर दिन-रात काम कराया गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 17 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों—शांता राम साहू (56 वर्ष) एवं तोरण प्रजापति (49 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, थाना कोमाखान—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 143(1)(d), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाहरी राज्यों में काम दिलाने के नाम पर मिलने वाले लुभावने प्रस्तावों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post