ड्रग्स के खिलाफ सख्त कदम: 999 किलो से ज्यादा गांजा किया गया नष्टीकरण, कई थानों के प्रकरण शामिल।
महासमुंद।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त गांजा का नष्टीकरण किया है। यह कार्रवाई शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 18 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त कुल 999.200 किलोग्राम (09 क्विंटल 99 किलो 200 ग्राम) अवैध गांजा का नष्टीकरण किया गया। इस गांजा की कुल अनुमानित कीमत लगभग 05 करोड़ 04 लाख 23 हजार 300 रुपये बताई गई है।
नष्टीकरण की यह प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 को बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में संपन्न हुई। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इन 18 प्रकरणों में थाना कोमाखान के 7, बसना के 7, सांकरा का 1, सिंघोड़ा के 2 और पिथौरा का 1 मामला शामिल है। इनमें से 2 प्रकरण वर्ष 2025 के हैं, जबकि शेष 16 मामले वर्ष 2026 के दौरान दर्ज किए गए थे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस तरह की कार्रवाई से अवैध कारोबार पर रोक लगाने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिलेगी।

