किशनपुर में नवीन सहकारी समिति का शुभारंभ, किसानों को मिली बड़ी सुविधा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया वर्चुअल उद्घाटन, अब किसानों को खाद-बीज और ऋण मिलेगा एक ही जगह।


पिथौरा। क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी मर्यादित का शुभारंभ किया गया। इस सहकारी समिति का वर्चुअल उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया। स्थानीय स्तर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों और किसानों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरषोत्तम घृतलहरे उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिंहा ने की। समारोह में भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, रिबीकांती बरिहा, सहकारी समिति पिथौरा के अध्यक्ष विजयराज पटेल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक, भाजपा नेता सिताराम सिंहा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद अतिथियों ने सहकारी समिति के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए किसानों को बधाई दी।

मुख्य अतिथि ऊषा घृतलहरे ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस नई समिति के खुलने से किसानों को अब खरीदी के साथ-साथ खाद, बीज और कृषि संबंधी सामग्री के साथ ऋण की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही रामदुलारी सिंहा ने कहा कि ग्रामीणों और किसानों की सुविधा के लिए ही सरकार द्वारा इस तरह की समितियों की स्थापना की जा रही है, जिससे उन्हें दूर-दराज जाने की आवश्यकता न पड़े।

विशेष अतिथि स्वप्निल तिवारी ने बताया कि प्रदेश में एक साथ 515 नई सहकारी समितियों का शुभारंभ किया गया है, जिससे किसानों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं सहकारी समिति अध्यक्ष विजयराज पटेल ने कहा कि अब किसानों के लिए सभी जरूरी कार्य एक ही स्थान पर आसानी से पूरे हो सकेंगे।

कार्यक्रम को भाजपा नेता सिताराम सिंहा और मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जगतराम प्रधान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सरपंच रिबीकांती बरिहा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें कृष्णकुमार डड़सेना, रामकृष्ण मने, मनोज ठाकुर, नरेश सोना, नरेश महंती, सरिता साहू, ब्रजेश प्रधान, रितेश प्रधान, मोहित निषाद, योगेश कुमार साहू, लालबिहारी प्रधान सहित अन्य लोग शामिल थे।

किशनपुर में सहकारी समिति के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि अब कृषि कार्यों से जुड़ी सुविधाएं आसानी से उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post