डबल इंजन सरकार की योजनाओं को बताया जनकल्याणकारी, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद।
बसना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘गांव चलो घर चलो’ अभियान के तहत बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुखीपाली में एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने भाजपा की रीति-नीति और सिद्धांतों को विस्तार से बताते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार का मुख्य उद्देश्य ‘अंत्योदय’ है, यानी समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना।
विधायक ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गांव-गांव में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली, स्वच्छ पेयजल और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बोनस वितरण के वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभियान के दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और युवाओं को संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने भी अपने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
विधायक ने कहा कि “मैं पहले भी आपकी सेवा में समर्पित था और आज भी मेरा हर प्रयास बसना विधानसभा की खुशहाली के लिए है। ‘गांव चलो घर चलो’ अभियान जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।”
इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जनपद पंचायत पिथौरा अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरुषोत्तम धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए सेतु का कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

