पिथौरा में सट्टा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल से सट्टा खिलाते खईवाल गिरफ्तार।

सब्जी मार्केट में चल रहा था सट्टे का खेल, ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा आरोपी ।


पिथौरा (महासमुंद)। जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना पिथौरा पुलिस ने सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सट्टा खईवाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और नकदी समेत कुल 8,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 अप्रैल 2026 को थाना पिथौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पिथौरा के सब्जी मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है और लोगों को इसमें शामिल कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजना बनाकर मौके पर पहुंचकर ग्राहक बनकर सट्टा खिलाने वाले व्यक्ति से संपर्क किया। जैसे ही आरोपी सट्टा लिखते हुए मिला, पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील बंसल (40 वर्ष) पिता सामरिया बंसल, निवासी वार्ड नंबर 15 सब्जी मार्केट पिथौरा बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, मोबाइल में सट्टे से संबंधित चार स्क्रीनशॉट तथा 500 रुपये नगद बरामद किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 8,500 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना पिथौरा में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत अपराध क्रमांक 98/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार यह मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post