महासमुंद पुलिस का बड़ा एक्शन: 43 किलो गांजा के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

कार में गुप्त चैंबर बनाकर हो रही थी तस्करी, 21.56 लाख का गांजा जब्त।


महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 43.120 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 21 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार (क्रमांक MH 31 DC 2140) में उड़ीसा से महासमुंद की ओर अवैध गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मेन रोड महासमुंद में संदिग्ध वाहन को रोका।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार के बैक लाइट के खोल, डिक्की, सीट के पीछे और विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में गांजा छिपाकर रखा था। कुल 42 पैकेटों में लिपटा 43.120 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम स्यामल बसंत वासनिक (33 वर्ष) एवं दानिस अंसारी (30 वर्ष), निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे उक्त गांजा फुलवानी (उड़ीसा) से कामटी, नागपुर ले जाकर खपाने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 216/2026 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 43.120 किलोग्राम गांजा (कीमत 21,56,000 रुपये), एक होंडा सिटी कार (कीमत 3,00,000 रुपये) तथा 02 मोबाइल फोन (कीमत 20,000 रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 24 लाख 76 हजार रुपये आंकी गई है।

उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले तीन महीनों में पुलिस द्वारा 77 प्रकरणों में कुल 5748.508 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है तथा 197 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 51 आरोपी छत्तीसगढ़ के एवं 146 अन्य राज्यों के हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को गांजा तस्करी, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ इंड-टू-इंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन करने के निर्देश प्राप्त हैं, जिसके तहत लगातार सघन चेकिंग और कार्रवाई जारी है।

इस पूरी कार्रवाई को एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post