शादी से लौट रहे युवक से लूट, पुलिस ने रिकॉर्ड समय में सुलझाया मामला।
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में लूट के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 2 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई सामग्री शत-प्रतिशत बरामद कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राकेश सहिस (25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 1 सरायपाली, ने दिनांक 21 अप्रैल 2026 को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अप्रैल 2026 की रात वह अपने भाई की स्कूटी (CG06HC 4934) से भंवरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गढ़पटनी रोड पर शराब भट्टी के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने पहले पैसों की मांग की और इंकार करने पर प्रार्थी के साथ मारपीट कर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद उसके पास से 500 रुपये नकद, गले में पहनी चांदी की चैन और एक काले रंग का रेडमी पावर बैंक लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बसना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिरों से मिली सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों का पता लगा लिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी आकाश पीटर (33 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 11 बसना और मनीष सोनवानी (19 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 6 बसना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई पूरी सामग्री—चांदी की चैन, 500 रुपये नकद और मोबाइल पावर बैंक—बरामद कर ली है।
बसना पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल लूट की घटना का जल्द खुलासा हुआ, बल्कि आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।
