स्विफ्ट कार में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

🍾 भुरसापाली रोड पर नाकेबंदी सफल—2 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की संपत्ति जब्त।



महासमुंद | 24 अप्रैल 2026

जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना बलौदा पुलिस ने स्विफ्ट कार में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब एवं वाहन सहित कुल 3,05,900 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भुरसापाली रोड की ओर से एक स्विफ्ट कार क्रमांक CG06 HF 5420 में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना बलौदा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भुरसापाली रोड पर नाकेबंदी की।

कुछ ही देर में संदिग्ध स्विफ्ट कार आती दिखाई दी, जिसे रोककर वाहन चालक और सवार से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम भोलाराम पटेल (32 वर्ष) निवासी मेडरा, वर्तमान खपरीडीह, और सुरेन्द्र चौधरी (38 वर्ष) निवासी खैरमाल, थाना सरायपाली बताया।

वाहन की तलाशी लेने पर कार से 20 नग मैक्डावल (3600 एमएल) और 10 नग सिम्बा बियर (6500 एमएल) कुल 10.100 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 5900 रुपये आंकी गई। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (कीमत लगभग 3,00,000 रुपये) भी जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 16 लाख 36 हजार 635 रुपये कीमत की 6204.270 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है, जबकि 483 मामलों में 545 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post