ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा, एनएच-53 पर नाकाबंदी में फार्च्यूनर-स्कार्पियो सहित तस्कर दबोचे।
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 281.900 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी रोकने तथा सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक फार्च्यूनर और एक स्कार्पियो वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद बताए गए नंबर की फार्च्यूनर कार क्रमांक MH-12-WC-0090 और स्कार्पियो कार क्रमांक MH-12-YH-0090 वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। फार्च्यूनर में तीन और स्कार्पियो में दो लोग सवार थे। पूछताछ के दौरान वाहन में रखी बोरियों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने जांच की, जिसमें बोरियों में अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ पाया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के जिला फुलवानी से महाराष्ट्र के पुणे ले जाकर खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों से कुल 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये कीमत का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त फार्च्यूनर कार (कीमत लगभग 40 लाख रुपये), स्कार्पियो कार (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) तथा चार मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त किए हैं। इस तरह कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पकड़े गए आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले (38 वर्ष), क्षितिज वीरसेन जाधव (21 वर्ष), अक्षय नंदकुमार निगम (27 वर्ष), अभिषेक डेविड जगले (26 वर्ष) और महेश काटकर (39 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी (दो) (बी) और 29(1) के तहत थाना सिंघोड़ा में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अब इस मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क, सोर्स और डेस्टिनेशन से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
