महासमुंद पुलिस का बड़ा अभियान: कई ठिकानों पर छापेमारी, अवैध महुआ शराब और सामग्री जब्त।

ढाबों से लेकर गांवों तक कार्रवाई: 110 किलो महुआ लाहन नष्ट, कई जगहों पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज।


महासमुंद | जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 मार्च 2026 को थाना पिथौरा, पटेवा, खल्लारी, सरायपाली और तेंदुकोना क्षेत्र में पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने गांव जंघोरा, बरतुंगा, कोलपदर, जोरातराई, बाराडोली और बुंदेली सहित विभिन्न इलाकों में दबिश दी। इस दौरान अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई, वहीं बड़ी मात्रा में महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कुल 12 लीटर 290 एमएल देशी प्लेन शराब और 540 एमएल अंग्रेजी व्हिस्की जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली। इसके अलावा करीब 110 किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।

थाना पिथौरा क्षेत्र में ढाबों पर भी विशेष कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत संचालकों पर केस दर्ज किया गया। अलग-अलग प्रकरणों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य मामले में आरोपी की तलाश जारी है।

प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही—

जंघोरा निवासी बलीराम पटेल के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब जब्त

कवलजीत सिंह के पास से शराब व अन्य सामग्री बरामद

बरतुंगा क्षेत्र में खेत से लावारिस हालत में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद

इसी तरह पटेवा, खल्लारी, सरायपाली और तेंदुकोना क्षेत्रों में भी रेड कार्रवाई कर महुआ लाहन को नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले में अब तक इस अभियान के तहत 4775 लीटर से अधिक अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है और 346 प्रकरणों में 397 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post