NH-53 पर चेकिंग में खुलासा: कार, मोबाइल समेत 40 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त।
महासमुंद | जिले में अवैध नगदी और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पटेवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन जांच के दौरान एक कार से 25 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने कार, मोबाइल सहित कुल 40 लाख 45 हजार 840 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को थाना पटेवा क्षेत्र अंतर्गत एनएच-53 मार्ग पर ग्राम जोगीडीपा के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा कार (क्रमांक OD 15 AA 5080) को रोककर जांच की गई।
वाहन चालक ने अपना नाम मोहित आनंद निवासी संबलपुर (ओडिशा) बताया। कार की तलाशी लेने पर बीच सीट में रखे एक सफेद-काले चेकदार बैग में 500-500 रुपये के नोटों के 50 बंडल पाए गए। प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे, इस प्रकार कुल 25 लाख रुपये नगद बरामद हुए।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह रकम रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए लेकर जा रहा था। पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में जब्ती की कार्रवाई की।
जप्त संपत्ति में शामिल—
25 लाख रुपये नगद
मारुति ग्रैंड विटारा कार (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)
दो मोबाइल फोन (कीमत करीब 45 हजार रुपये)
इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत 40 लाख 45 हजार 840 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में इस प्रकार की चेकिंग लगातार जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेज के नगदी या अन्य सामग्री के परिवहन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
