ऐसे शिविरों से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव - ब्रह्मानंद।
पिथौरा। जिले के आकांक्षी विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम लाखागढ़ में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ लिया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ऊषा घृतलहरे उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, लाखागढ़ सरपंच प्रियरंजन कोसरिया, सरकंडा सरपंच प्रियंका सिन्हा, छिबर्रा सरपंच नंदिनी दिवान, गोड़बहाल सरपंच रुक्मणी सेन, भाजपा नेता दुलीकेशन साहू, मनमोहन जैन, लाखागढ़ उपसरपंच पंचराम मटियारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्रीमती ऊषा घृतलहरे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाएं ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है तथा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल पा रहा है।
सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा श्रीमती योगेश्वरी बर्मन एवं नीति आयोग के एबीएफ विकास दीप टंडन के नेतृत्व में यह शिविर केंद्र सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड पिथौरा में चल रहे संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन उमेश दीक्षित ने किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श दिया गया। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी गई तथा योजना से जुड़े लंबित मामलों का निराकरण किया गया। साथ ही किसानों को आधुनिक खेती और कृषि से संबंधित शासकीय योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों की जांच की गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। विभाग द्वारा महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
वहीं शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति की जानकारी दी गई और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों से अवगत कराया गया।

