पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फिलहाल शुरुआती चरण में केवल रिपीट ऑफेंडर्स यानी ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है जो तीन बार से अधिक बिना हेलमेट के कैमरे में दिखाई दिए हैं। ऐसे वाहन मालिकों को ई-चालान भेजा जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 12 मार्च से शहर के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने वाले सभी यातायात नियम उल्लंघन करने वालों पर ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। यानी बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सीधे चालान काटा जाएगा।
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर को 100 प्रतिशत हेलमेट नियम का पालन करने वाला शहर बनाने में सहयोग करें। दोपहिया वाहन मालिक यह सुनिश्चित करें कि उनका वाहन जो भी चलाए, वह हेलमेट पहनकर ही निकले, क्योंकि ई-चालान की कार्रवाई वाहन मालिक के नाम पर ही दर्ज होगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मौत के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जाती है। ऐसे में यह अभियान लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है, ताकि जागरूकता बढ़े और लोग स्वयं नियमों का पालन करें।
महासमुंद पुलिस ने यह भी बताया कि शहर में ई-चालान व्यवस्था को सफल बनाने के बाद जल्द ही सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी इसी तरह की कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और जागरूकता से ही सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि महासमुंद को अनुशासित और सुरक्षित यातायात वाला शहर बनाया जा सके।


