LPG सिलेंडर लेने आधी रात से जूझ रहे लोग, सुबह होते-होते लंबी कतार ने बढ़ाई परेशानी।
महासमुंद (पिथौरा)// पिथौरा नगर में एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को तड़के ही नगर के शहीद भगत सिंह खेल मैदान में गैस सिलेंडर वितरण के लिए लोगों की लंबी कतार लग गई। स्थिति यह रही कि कई लोग रात करीब 2 बजे से ही मैदान में पहुंचकर लाइन में खड़े हो गए।
सुबह होते-होते मैदान में 300 से अधिक लोगों की लंबी कतार लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। गैस सिलेंडर लेने आए लोगों का कहना है कि सिलेंडर की कमी और वितरण व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण उन्हें आधी रात से लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोग छोटे बच्चों और महिलाओं के साथ भी लाइन में खड़े नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय पर और व्यवस्थित तरीके से सिलेंडर वितरण किया जाए तो लोगों को इस तरह रात से लाइन में लगने की मजबूरी नहीं होगी। सुबह बढ़ती भीड़ के कारण मैदान में अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई।
लोगों ने संबंधित गैस एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि सिलेंडर वितरण की व्यवस्था बेहतर की जाए और पर्याप्त संख्या में गैस उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

