विदाई समारोह में छात्रों का सम्मान, 100% उपस्थिति पर तीन छात्राएं पुरस्कृत।
पिथौरा। सरस्वती शिशु मंदिर चांदन में वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के बाद कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए स्नेह सम्मेलन एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा दसवीं के भैया-बहनों को आमंत्रित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा विभिन्न सांस्कृतिक और प्रेरक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्रति अपने स्नेह का प्रतीक स्वरूप गमला भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राएं अंकिता नंद, मुस्कान साहू और दामिनी नायक को विशेष रूप से सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मां भारती सेवा समिति के सदस्य, प्राचार्य, प्रधानाचार्य तथा विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य रूप से डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, प्रीतम लाल नायक, रामेश्वर पालेश्वर, योगेश्वर नायक और जगत राम चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरक मार्गदर्शन देते हुए जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
