पिथौरा जनपद में नशामुक्ति की शपथ, लोगों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प।

सहायक उपकरण वितरण शिविर में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश।

पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित सहायक उपकरण वितरण शिविर के दौरान नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और अभियान में सक्रिय भागीदारी का भरोसा जताया।

जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे ने उपस्थित जनों को शपथ दिलाते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं और देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।

उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल ने कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। हमें संकल्प लेना होगा कि हम न केवल खुद नशामुक्त रहें, बल्कि अपने परिवार और मित्रों को भी इस अभियान से जोड़ें। भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि नशा युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेश्वरी बर्मन ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति समाज और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए घातक है और विभाग नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, पूर्व सरपंच प्रदीप पटेल, समाज शिक्षा संगठक गुलाब सामल, जिला कार्यालय से अनिल कोसरिया, करारोपण अधिकारी उमेश दीक्षित, गौ सेवक सौरभ अग्रवाल, संजय निषाद, रेखा अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post