2026 की 27वीं कार्रवाई: कोमाखान में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, ₹19.84 लाख की संपत्ति जब्त।
महासमुंद | एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना कोमाखान क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की गई है। वर्ष 2026 के प्रारंभ से अब तक की यह 27वीं कार्रवाई है।
दिनांक 01 फरवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 25 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी कीमत लगभग ₹12.50 लाख आँकी गई है, जब्त किया गया। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त टाटा जेस्ट कार (CG 10 AS 9099) जिसकी कीमत लगभग ₹5 लाख है, 5 मोबाइल फोन एवं ₹2,03,100 नगद राशि जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग ₹19.84 लाख बताई गई है।
इस प्रकरण में ओडिशा निवासी चार अंतरराज्यीय तस्करों एवं रायपुर निवासी मुख्य खरीददार बंशी साहू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा प्रकरण में एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन करते हुए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, वित्तीय लेन-देन एवं संपत्तियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को गोपनीय रूप से पुलिस अथवा एएनटीएफ को उपलब्ध कराएं।

