एनएसएस की जनहित पहल: परसापाली में 65 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता गतिविधियों से बढ़ा उत्साह।
पिथौरा | चंद्रपाल डड़सेना शासकीय महाविद्यालय पिथौरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन ग्राम परसापाली में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सहित विविध जनजागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 65 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में लक्ष्मी पटेल (सीएचओ), अमित अवस्थी, लोकनाथ पटेल एवं हीरा मरकाम (आरएचओ) सहित मितानिन एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम द्वारा ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप परीक्षण एवं सर्दी-खांसी, बुखार जैसी मौसमी बीमारियों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा रुमाल झपट्टा खेल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही ग्राम संपर्क कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों पर ग्रामीणों से संवाद किया गया।
इसी क्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा नशा-मुक्ति रैली का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच बढ़ाना, सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा जनजागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी शेखर कानूनगो, सहायक कार्यक्रम प्रभारी रामकुमार रविदास, राकेश तिवारी, डेरहीन ध्रुव, छबिलाल पटेल सहित महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। साथ ही ग्राम पंचायत परसापाली के सरपंच तुलाराम ध्रुव, उपसरपंच सोनू राम ध्रुव, अन्य गणमान्य नागरिक एवं सभी एनएसएस स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय सहभागिता ।





