बस्तर का गौरव बढ़ाने वाले डॉ. अमित शर्मा उपमुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित।
बस्तर। सिविल अस्पताल भानपुरी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित शर्मा को स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया। यह सम्मान भानपुरी अस्पताल में स्वच्छता, सेवा-गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए प्रदान किया गया। डॉ. अमित शर्मा ने संस्था प्रभारी के रूप में स्वच्छ भारत मिशन के मानकों के अनुरूप अस्पताल को नए स्वरूप में तैयार किया है। उनकी दूरदर्शिता, अनुशासन और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप सिविल अस्पताल भानपुरी को कायाकल्प एवं NQAS जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सिविल अस्पताल गुणवत्ता पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया है, जो न केवल विकासखण्ड बस्तर बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। आज अस्पताल में स्वच्छता के साथ-साथ लोक स्वास्थ्य के सभी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपचार और सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध हो रही हैं। उनकी सक्रिय नेतृत्व क्षमता और जनहित के प्रति समर्पण ने अस्पताल को जिले के उत्कृष्ट संस्थानों में स्थापित किया है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. अमित शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
