लाखागढ़ में सुना गया मन की बात का 130वां प्रसारण।
पिथौरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को ग्राम लाखागढ़ में पिथौरा नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, भाजपा अजजा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मन्नूलाल ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता रैदास गोयल, सासंद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक मनमोहन जैन, पार्षद संदीप सेन, संतोष डड़सेना, किशोर पटेल, रमेश पटेल, उप सरपंच पंचराम मटियारा, मनोज गोयल, ईश्वर देवांगन, नंदू यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का श्रवण किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की असली ताकत लोगों का जन-संकल्प और जनभागीदारी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में स्थानीय लोगों द्वारा किए गए पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मिसाल बताते हुए कहा कि देश के लोग समस्याओं का समाधान खुद खोज लेते है।
पीएम मोदी ने तमसा नदी के पुनरुद्धार का उल्लेख करते हुए बताया कि आजमगढ़ के लोगों ने एकजुट होकर सफाई अभियान चलाया और नदी को नया जीवन दिया। वहीं आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में ‘अनंत निरु संकल्प’ अभियान के तहत ग्रामीणों ने 10 जलाशयों को पुनर्जीवित कर पानी और हरियाली दोनों को बढ़ावा दिया।
मोदी ने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव लाती हैं। जनभागीदारी ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान का उदाहरण देते हुए बताया कि मलेशिया में 500 से ज्यादा तमिल स्कूल संचालित हैं, जहां तमिल के साथ तेलुगु, पंजाबी और अन्य भारतीय भाषाएँ भी पढ़ाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारतीय त्योहारों को मिल रहे सम्मान से यह साबित होता है कि हमारी संस्कृति लगातार मजबूत हो रही है।
