जगदलपुर में शानदार प्रदर्शन का नतीजा, महासमुंद के सात खिलाड़ी राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम में शामिल।
महासमुंद। महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के लिए गर्व का विषय है कि जिले के 07 प्रतिभाशाली हैंडबॉल खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह चयन विगत दिनों जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
जिला हैंडबॉल संघ के कोच एवं सचिव सैयद इमरान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित खिलाड़ियों में बालक 14 वर्ष आयु वर्ग से अर्हम अली, प्रिंस, ध्रुव, जीशान अहमद, यश साहू, मुदस्सीर खान एवं सक्षम शर्मा शामिल हैं, जो सभी गुड शेफर्ड विद्यालय महासमुंद के विद्यार्थी हैं। वहीं बालिका वर्ग से इंशा फातिमा (द न्यू होली फेथ विद्यालय, महासमुंद) का चयन हुआ है।
सभी चयनित खिलाड़ी महासमुंद जिले की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य स्कूल हैंडबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय कोचिंग कैंप, जगदलपुर में भाग लेने के पश्चात 05 से 10 जनवरी तक राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
इस उपलब्धि पर माननीय योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक महासमुंद विधानसभा, जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष श्री प्रदीप चंद्राकर, भारत स्काउट गाइड छत्तीसगढ़ के आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे, सहायक संचालक शिक्षा श्री नंदकुमार सिन्हा, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी सुश्री अंजलि बरमाल, खेल अधिकारी श्री मनोज धृतलहरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लीलाधर सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती हीना ढालेंन सहित अनेक खेल अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, संघ पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



