हैंडबॉल में महासमुंद का परचम, पुलिस टीम में 1 पुरुष व 4 महिला खिलाड़ियों का चयन।
महासमुंद // महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के लिए यह गर्व का विषय है कि जिले के 01 पुरुष एवं 04 महिला खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ पुलिस हैंडबॉल टीम में किया गया है। चयनित खिलाड़ी दिनांक 19 से 23 जनवरी 2026 तक सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु रवाना हो चुके हैं।
महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के सचिव सैयद इमरान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर में आरक्षक के पद पर पदस्थ मनीष चंद्राकर तथा महिला आरक्षक कुमारी दर्शना यादव का चयन हुआ है। वहीं महासमुंद जिले में पदस्थ महिला आरक्षक कुमारी अनु भोई एवं भूमिका पटेल, तथा रायपुर में पदस्थ दुर्गा भोई को भी टीम में शामिल किया गया है।
चयनित सभी खिलाड़ी पूर्व में भी पुलिस गेम्स एवं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जिससे उनके अनुभव और प्रदर्शन को देखते हुए यह चयन हुआ है।
खिलाड़ियों के चयन पर महासमुंद विधानसभा के विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रदीप चंद्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह गोल्डी, छत्तीसगढ़ फेंसिंग संघ के कार्यकारिणी अध्यक्ष श्री बशीर अहमद खान, छत्तीसगढ़ हैंडबॉल संघ महासचिव श्री समीर खान, श्री राजेश शर्मा, जिला हैंडबॉल संघ सचिव सैयद इमरान अली सहित खेल अधिकारी प्रमेश खरे तथा जिले के वरिष्ठ खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
