महासमुंद वनमण्डल में बाघ गणना–2026 की तैयारी तेज, MSTrIPES ऐप से प्रशिक्षण संपन्न।

अखिल भारतीय बाघ गणना–2026 फेज-1: महासमुंद वनमण्डल में वन अमले को मिला विशेष प्रशिक्षण।

महासमुंद। सामान्य महासमुंद वनमण्डल में अखिल भारतीय बाघ गणना–2026 (फेज-1) को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 20 जनवरी 2026 को वनमण्डलाधिकारी श्री मयंक पाण्डेय के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून से पधारी वन्यजीव विशेषज्ञ सुश्री ऋतु प्रजापति द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान MSTrIPES Ecological App के माध्यम से बाघ गणना की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसमें मांसाहारी एवं विशाल शाकाहारी वन्यजीवों के चिन्ह सर्वेक्षण, शाकाहारी वन्यजीवों के लिए लाइन ट्रांजेक्ट सर्वे, वन्यजीव प्राकृतिक आवास सर्वेक्षण तथा वन क्षेत्रों में मानवीय गतिविधियों से संबंधित आंकड़ों के संकलन की विस्तृत जानकारी शामिल रही। प्रशिक्षण सत्र थ्योरिटिकल एवं प्रैक्टिकल दोनों रूपों में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त वनमण्डलाधिकारी पिथौरा सुश्री डिम्पी बैस, उप वनमण्डलाधिकारी महासमुंद श्री गोविंद सिंह, समस्त परिक्षेत्र अधिकारी एवं क्षेत्रीय अमला उपस्थित रहा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य अखिल भारतीय बाघ गणना–2026 के अंतर्गत महासमुंद वनमण्डल से संबंधित सूचनाओं का सटीक, वैज्ञानिक एवं समग्र रूप से संकलन सुनिश्चित करना तथा इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में वनमण्डल की प्रभावी भागीदारी को मजबूत करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post