शहीद भगत सिंह खेल मैदान में खेला गया हाई-वोल्टेज मुकाबला, ग्रीन और येलो टीम फाइनल में।
पिथौरा // जिले में पहली बार आयोजित पिथौरा फुटबॉल प्रीमियर लीग का आज दूसरा दिन बेहद रोमांचक रहा। शहीद भगत सिंह खेल मैदान में खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बाँधे रखा।
मैदान पर रेड, येलो और ग्रीन टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने शानदार फिटनेस, तेज़ रफ्तार और बेहतरीन तालमेल के साथ खेल का प्रदर्शन किया। हर पास, हर अटैक और हर गोल पर दर्शकों की तालियाँ गूँजती रहीं।
दूसरे दिन के मुकाबलों में येलो टीम और ग्रीन टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीते और फाइनल में जगह बनाई। दोनों टीमों की मज़बूत डिफेंस और आक्रामक खेल ने सभी को प्रभावित किया।
अब प्रतियोगिता अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँच चुकी है। कल बुधवार 31/12/2025 को शहीद भगत सिंह खेल मैदान में ग्रीन और येलो टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसे लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी ज़बरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।



