54वीं सीनियर राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में महासमुंद के सुमित और आदित्य करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व।
महासमुंद // महासमुंद जिला हैंडबॉल संघ के लिए यह गर्व का विषय है कि जिले के दो खिलाड़ियों का चयन 54वीं सीनियर राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ हैंडबॉल टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी सुमित सिंह रामगढ़िया और आदित्य चंद्राकर राष्ट्रीय कोचिंग कैंप भिलाई में भाग लेने के बाद प्रतियोगिता में शामिल होने हेतु कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के लिए रवाना हो चुके हैं। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 15 से 20 दिसंबर तक आयोजित होगी।
जिला हैंडबॉल संघ के सचिव सैयद इमरान अली ने जानकारी देते हुए बताया कि सुमित सिंह रामगढ़िया, पिता हरजीत सिंह रामगढ़िया, वर्तमान में एयर फोर्स झारखंड में पदस्थ हैं, जबकि आदित्य चंद्राकर, पिता सुरेश चंद्राकर, दोनों ही खिलाड़ी पूर्व में कई राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। ये दोनों खिलाड़ी महासमुंद जिले की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छत्तीसगढ़ हैंडबॉल टीम के कोच के रूप में सीआईएसएफ के श्री आनंद एन.एस. को नियुक्त किया गया है। वहीं टीम मैनेजर की जिम्मेदारी श्री एम. प्रभास और श्री विजय बहादुर को सौंपी गई है।
खिलाड़ियों के चयन पर महासमुंद विधानसभा के विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रदीप चंद्राकर, छत्तीसगढ़ फेंसिंग संघ के उपाध्यक्ष श्री बशीर अहमद खान, छत्तीसगढ़ हैंडबॉल संघ के महासचिव श्री समीर खान सहित खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
