टेमरी चेक पोस्ट पर 27.260 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक पर भी कार्रवाई।
महासमुंद। महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका में कार्रवाई करते हुए 27.260 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा गांजा सहित अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत महासमुंद जिले में लगातार जांच और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस एनएच-353 स्थित टेमरी चेक पोस्ट पर वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों में चार लोग ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ अवैध रूप से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद सामने से आ रही दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर सवार लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 27.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में गांजे की खेप को बालीगुड़ा, ओडिशा से धरमजयगढ़, छत्तीसगढ़ ले जाना बताया गया है।
पति-पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
बजरंग यादव, पिता केषबो, उम्र 27 वर्ष, निवासी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
जीवन्ती महंत, पति बजरंग यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
राजेश्वर सारथी, पिता बुधराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, जेलपारा, धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
पुलिस के अनुसार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी मामले में शामिल था, जिसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की गई है।
14 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 27.260 किलो अवैध गांजा, कीमत लगभग 13 लाख 63 हजार रुपये
- 02 मोबाइल फोन, कीमत लगभग 10 हजार रुपये
- 02 मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये
जब्त किए हैं।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 14 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय मार्गों से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन निश्चय के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच भी जारी है।




