महासमुंद में विकासखंड स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, विभिन्न खेलों के लिए जारी हुआ कार्यक्रम।
महासमुंद। स्कूली विद्यार्थियों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन 27 से 31 जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई 2026 को झलप में विकासखंड स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता एवं चयन ट्रायल आयोजित होगा। इसके बाद 30 जुलाई 2026 को बिरकोनी विद्यालय में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन पीढ़ी विद्यालय के संयोजन में मिनी स्टेडियम महासमुंद में विकासखंड स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता संपन्न होगी।
वहीं 31 जुलाई 2026 को सेजेस तुमगांव में विकासखंड स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी जिला एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
विकासखंड खेल प्रभारी हिरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, खेल शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।
