राज्यभर के कई जिलों में निरीक्षकों की नई पदस्थापना, महासमुंद समेत विभिन्न जिलों में बदली जिम्मेदारियां।

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 64 निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी।

रायपुर।
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर द्वारा पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा पर राज्य पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 64 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) का स्थानांतरण करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश में बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, धमतरी, सरगुजा, सूरजपुर, जांजगीर-चांपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार स्थानांतरित अधिकारियों को प्रशासनिक आवश्यकता एवं कार्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नई पदस्थापना दी गई है। महासमुंद जिले में भी निरीक्षक स्तर पर बदलाव किया गया है। वर्तमान में महासमुंद में पदस्थ निरीक्षक शशांक पौराणिक को दंतेवाड़ा तथा निरीक्षक सचिन गुमाश्ता को सुकमा स्थानांतरित किया गया है। वहीं बीजापुर से निरीक्षक आकाश मसीह को महासमुंद में नई पदस्थापना दी गई है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। यह प्रशासनिक बदलाव कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुलिस विभाग के इस व्यापक तबादला आदेश को राज्य पुलिस महकमे का महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है, जिससे विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था को और अधिक गतिशील एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





Post a Comment

Previous Post Next Post