सड़क हादसों पर लगाम की पहल: सरायपाली में हेलमेट वितरण के साथ यातायात नियमों का दिलाया गया संकल्प।
सरायपाली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस एवं सरायपाली व्यापारी महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में थाना सरायपाली परिसर में हेलमेट वितरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी ललिता मेहर ने किया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए गए, ताकि लोग सड़क सुरक्षा के महत्व को समझ सकें और यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें।
इस अवसर पर वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कवच है।
कार्यक्रम में सरायपाली व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। व्यापारी महासंघ ने भविष्य में भी सड़क सुरक्षा से जुड़े जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वयं हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।



