30 जून को सेजेस नयापारा में होगा विकासखंड स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन।
महासमुंद। विकासखंड स्तरीय शालेय खेल गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से गत दिवस नवकिरण एकेडमी महासमुंद में विकासखंड स्तरीय शालेय खेलकूद कैलेंडर निर्माण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई तथा खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की तिथि एवं स्थान निर्धारित किए गए।
बैठक में मुख्य रूप से विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीएस बंजारा एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हिना ढालेंन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान खेल गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को आगे लाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा विद्यालय एवं विकासखंड स्तर पर विभिन्न व्यायाम शिक्षकों द्वारा प्राप्त खेल उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने खेलों को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
बैठक में व्यायाम शिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई, डॉ. सेवन दास मानिकपुरी, गणेश कोसरे, इमरान अली, सलिल चौधरी, अंजनी साहू, इंद्राणी भास्कर, बेदराम रात्रे, राजेश्वरी ध्रुवंशी, कामता प्रसाद साहू, रामेश्वरी दीवान, तृषा शर्मा, नीलिमा राजपूत, रीना कोठारी, नवनीत गुरुदत्ता, वैभव मानिकपुरी, डोलेस होता, सोनिया बांदे एवं योगेश साहू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रभारी एवं व्यायाम शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि विकासखंड स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 30 जून को सेजेस नयापारा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में बालक वर्ग (अंडर-15 एवं अंडर-17) तथा बालिका वर्ग (अंडर-17) की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से होगा।
महासमुंद विकासखंड के सभी विद्यालयों की पात्र टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी। खेल आयोजन को लेकर विद्यालयों एवं खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
उपरोक्त जानकारी विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी हीरेंद्र कुमार साहू द्वारा प्रदान की गई।
