स्वागत किट, पुस्तकों और प्रेरक संदेशों के साथ बच्चों का हुआ अभिनंदन, शिक्षा के महत्व पर दिया गया विशेष जोर।
पिथौरा। शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथौरा में आज नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह, उमंग और प्रेरणादायी वातावरण के बीच शाला प्रवेशोत्सव के आयोजन के साथ की गई। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का फूल-तिलक से आत्मीय स्वागत किया गया तथा बच्चों को मिष्ठान्न खिलाकर स्वागत प्रमाण पत्र, वेलकम किट एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती मनमीत कौर खनूजा एवं श्रीमती गुरप्रीत कौर नामदेव के मार्गदर्शन में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्षद श्रीमती रेखा राजू सिन्हा, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक श्री नरेश कुमार नायक, युवा वैज्ञानिक पत्रकार श्री गौरव चंद्राकर, एसएमसी सदस्य श्री बोधराम पटेल, श्रीमती परवीन सहित नवप्रवेशी विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रभारी प्रधान पाठक श्री पुष्पकांत साहू, वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती मनमीत कौर खनूजा, श्रीमती गुरप्रीत कौर नामदेव, श्रीमती जयंती पटेल, शिक्षक श्री वेदेश्वर प्रसाद जोशी एवं श्री सूर्यकांत कोसरिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री नरेश कुमार नायक ने अपने प्रेरक और सहज अंदाज में बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए शाला प्रवेशोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं अभिभावक प्रतिनिधि सिन्हा जी ने संस्कृत के सुभाषितों और उनके अर्थों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती गुरप्रीत कौर नामदेव ने बच्चों को समय के महत्व और उसके सदुपयोग के बारे में प्रेरित करते हुए अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं प्रभारी प्रधान पाठक श्री पुष्पकांत साहू ने अब तक प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों की जानकारी साझा करते हुए जिन बच्चों का प्रवेश शेष है, उनके अभिभावकों से शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने शासन की व्यावसायिक शिक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों के उदाहरण प्रस्तुत किए तथा विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, अतिथियों और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने और शिक्षा को जीवन में सफलता का आधार बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधान पाठक द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री वेदेश्वर प्रसाद जोशी द्वारा किया गया।



