मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा – जिला टॉप टेन में आने पर मिलेगी स्कूटी, शाला प्रवेश उत्सव में शिक्षा को बढ़ावा।
महासमुंद। शासकीय डीएमएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में आज दिनांक 23 जून 2026 को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री रमेश साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीएल देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री भोपाल सिंह बंजारा, सहायक संचालक श्री नंदकिशोर सिन्हा एवं श्री प्रकाश चंद्र मांझी, एडीपीओ प्रमोद कन्नौजे, श्री अभिषेक पांडे तथा संस्था के प्राचार्य श्री कौशल शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए नियमित अध्ययन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की एक मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्रा को ड्रेस हेतु 5000 रुपये की सहायता राशि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री रमेश साहू के माध्यम से प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई कि अगले वर्ष यदि विद्यालय का कोई विद्यार्थी जिला स्तर की मेरिट सूची के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करता है तो समिति अध्यक्ष द्वारा उसे स्कूटी प्रदान की जाएगी। इस घोषणा पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से श्री मानिक लाल साहू, श्री शैलेंद्र सोनी, श्रीमती गायत्री पटेल, श्रीमती रिचा साहू, श्री दीपेन्द्र भोई, श्रीमती नेहा निषाद, श्रीमती प्रीति यादव, श्रीमती सारिका साकरकर, श्रीमती चंचल कौशिक, श्रीमती आशालता सिन्हा, श्रीमती आरती साहू, श्री जितेंद्र ठाकुर सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रसंघ प्रभारी श्री हिरेंद्र कुमार साहू द्वारा किया गया।
