4.50 करोड़ के धान घोटाले में बड़ी कार्रवाई: 17 हजार क्विंटल धान हेराफेरी के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पिरदा के धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितता और हेराफेरी की शिकायत सामने आई थी। मामले में 27 मार्च 2024 को शिकायत दर्ज होने के बाद थाना बसना में अपराध क्रमांक 163/2024 के तहत धारा 420, 409 एवं 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2020-21 में कुल 17,210.72 क्विंटल धान की हेराफेरी कर शासन को लगभग 4.50 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई। मामले में पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि दो मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बसना पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को फरार आरोपी कन्हाई सेठ एवं राजकुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं जांच के दौरान संकलित दस्तावेजों से भी गबन में उनकी भूमिका प्रमाणित पाई गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराधों, भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति के गबन से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
