गोबरा-नवापारा में सुशासन तिहार का आयोजन : वन विभाग की अनुपस्थिति पर कार्रवाई, अधिकारियों को मिली कड़ी चेतावनी।
अभनपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के तहत अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के गोबरा-नवापारा स्थित हरिहर हाई स्कूल मैदान में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा नीति मंच अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अयाज रजा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने जनता द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए छोटी एवं सामान्य समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। वहीं जटिल एवं गंभीर मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सात दिनों की समय-सीमा निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने पाया कि सुशासन तिहार जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी उपस्थित नहीं थे। इसे प्रशासनिक उदासीनता मानते हुए उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित रेंजर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे पद से निलंबित करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों में जवाबदेही और अनुशासन का स्पष्ट संदेश गया।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अभनपुर के एसडीएम रवि सिंह तथा नवापारा के पटवारी को भी कार्यप्रणाली में लापरवाही को लेकर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन की सरकार है और जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीन पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार का उद्देश्य भी शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना है।
इस अवसर पर भाजपा नीति मंच अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अयाज रजा ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और सुशासन तिहार इसी दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है। कार्यक्रम में उनके साथ उनकी पूरी टीम और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने यह संदेश दिया कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों को लेकर गंभीर है और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
