कटहल के नीचे छिपा था 63 लाख का गांजा, महासमुंद पुलिस ने रेहटीखोल चेकपोस्ट पर तस्करों का खेल किया खत्म।
महासमुंद // महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत रेहटीखोल चेकपोस्ट पर पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में कटहल के नीचे छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया गया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में कटहल की खेप के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये और नंबर का वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों में 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथ बैठे युवक ने अपना नाम लवकुश गौतम (22 वर्ष) निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था और उसे प्रयागराज में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा माजदा पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन तथा गांजा सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय सीमाओं के साथ-साथ अब अंदरूनी मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना के कारण एक बार फिर गांजा तस्करों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
जब्त संपत्ति
- 125.700 किलोग्राम गांजा – कीमत ₹62,85,000
- टाटा माजदा पिकअप वाहन – कीमत ₹8,00,000
- मोबाइल फोन – कीमत ₹8,000
- कुल जब्त संपत्ति – ₹70,93,000
गिरफ्तार आरोपी
- धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
- लवकुश गौतम (22 वर्ष), जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
"एम्बुलेंस के बाद अब कटहल की आड़ में तस्करी की कोशिश, लेकिन महासमुंद पुलिस की चौकसी के आगे तस्करों की हर चाल हुई नाकाम।"
