कंपनी के सामान की आड़ में 600 किलो गांजा तस्करी नाकाम, महासमुंद पुलिस ने 3.12 करोड़ की खेप के साथ महाराष्ट्र के तस्कर को दबोचा।



🚨 कंपनी के सामान की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी, महासमुंद पुलिस ने 600 किलो गांजा के साथ तस्कर को पकड़ा।


महासमुंद, 30 मई 2026। ओडिशा से महाराष्ट्र तक बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी की साजिश को महासमुंद पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक टाटा माजदा वाहन से 600 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वाहन, मोबाइल और नगदी सहित कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लाल रंग की टाटा माजदा वाहन क्रमांक MH-46 CU-6060 में कंपनी के सामान की आड़ में भारी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में वाहन मशीनरी और कंपनी के सामान से भरा दिखाई दिया, लेकिन जब पुलिस ने गहन तलाशी ली तो बड़े-बड़े कार्टूनों और मशीनरी के नीचे तथा पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं।

प्रत्येक बोरी में लगभग 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। कुल मिलाकर वाहन से 600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए पूरे माल को काले रंग की त्रिपाल से अच्छी तरह ढंक रखा था।

पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लाकर महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र में खपाने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 किलो गांजा, एक टाटा माजदा वाहन, एक मोबाइल फोन और नगद राशि जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

🚔 लगातार टूट रही तस्करों की कमर

महासमुंद पुलिस ने बताया कि तस्कर अब तक एम्बुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स, फल-सब्जियों के ट्रकों, कपड़ा फेरी वाहनों, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता और खुफिया तंत्र के कारण उनकी हर चाल नाकाम हो रही है।

पुलिस अब इस मामले में गांजा सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन नेटवर्क की भी जांच कर रही है, जिससे इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपी

  • महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी – अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र)

जब्त संपत्ति

  • 600 किलो गांजा – कीमत लगभग ₹3 करोड़
  • टाटा माजदा वाहन – कीमत लगभग ₹12 लाख
  • 1 मोबाइल फोन – कीमत लगभग ₹5 हजार
  • नगद राशि – ₹10 हजार

कुल जब्त संपत्ति: ₹3,12,15,000

Post a Comment

Previous Post Next Post