कोमाखान पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई, 5.180 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।
महासमुंद | जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना कोमाखान पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा से महासमुंद की ओर अवैध गांजा की तस्करी कर रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को 5.180 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 34 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में लगातार गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश के तहत सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध गांजा लेकर महासमुंद की तरफ आ रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए टेमरी जांच नाका में तत्काल घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की गई। कुछ ही देर बाद पुलिस ने ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 03 Z 5970 को रोककर चालक से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बाइक की डिक्की और सीट के अंदर गांजा छिपाकर रखने की बात कबूल कर ली।
पुलिस द्वारा मौके पर तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से करीब 5.180 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 59 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल कीमती 60 हजार रुपये एवं एक मोबाइल फोन कीमत 15 हजार रुपये भी जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी प्रसन्न महानंद पिता जदू महानंद (48 वर्ष), निवासी बुढ़ीपदर थाना सिंधेकला जिला बलांगीर (उड़ीसा) को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 73/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चार महीने में 90 प्रकरण, 63 क्विंटल से ज्यादा गांजा जप्त
महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले चार महीनों में 90 प्रकरण दर्ज कर कुल 6354.061 किलोग्राम (63 क्विंटल 54 किलो) गांजा जप्त किया गया है। इस दौरान 234 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 55 आरोपी छत्तीसगढ़ के जबकि 179 अन्य राज्यों के तस्कर शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांजा तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों को लगातार नाकाम किया जा रहा है और जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
