पिथौरा : NH-53 पर दर्दनाक हादसा: अंगूर से भरा ट्रक पलटा, चालक की इलाज के दौरान मौत।

मुढ़ीपार चौक के पास बड़ा सड़क हादसा, ट्रक चालक की मौत, कंडक्टर की हालत गंभीर।


महासमुंद। जिले के पिथौरा ब्लॉक अंतर्गत नेशनल हाईवे NH-53 पर मुढ़ीपार चौक के ठीक सामने अंगूर से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कंडक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक WB 25N 8647 अंगूर से भरा हुआ था और नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान मुढ़ीपार चौक के सामने ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी तेज थी कि ट्रक में लदा अंगूर सड़क पर बिखर गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि कंडक्टर की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, ऐसे में हाईवे पर सुरक्षा और सावधानी को लेकर अतिरिक्त इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post