कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से रायपुर सप्लाई की थी तैयारी।

एंटी नारकोटिक्स टीम की मुस्तैदी रंग लाई, बाइक में छिपाकर ला रहा 8 लाख से अधिक का गांजा पकड़ा गया।


महासमुंद।

जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 15.380 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 7 लाख 69 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन और अन्य सामान सहित कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 8 लाख 19 हजार रुपये बताया गया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति लाल-काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (OD 18 E 1525) में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम सुवरमाल पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोककर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू केसरी (30 वर्ष), निवासी जिला मऊ (उत्तरप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के पीछे रखी प्लास्टिक बोरी से 15.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के फुलवानी क्षेत्र से लाकर रायपुर में खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जब्त सामग्री में गांजा के अलावा मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 40 हजार रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपये) शामिल है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 75 प्रकरणों में कुल 5700.288 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 193 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

🟦 स्रोत: महासमुंद पुलिस

Post a Comment

Previous Post Next Post