शराब दुकान मैनेजर को दी जान से मारने की धमकी, सांकरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
महासमुंद, 16 फरवरी 2026। थाना सांकरा क्षेत्र में खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताकर नकली पिस्टल के दम पर शराब दुकान मैनेजर को धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 की दोपहर थाना सांकरा क्षेत्र स्थित शासकीय शराब दुकान में हिमांशु साहू नामक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा और दुकान मैनेजर नेपाल से बीयर खरीदते समय बोतल को कागज में लपेटकर देने की मांग की। मैनेजर द्वारा कागज उपलब्ध न होने की बात कहने पर आरोपी भड़क गया और अपने पास रखी पिस्टल निकालकर मैनेजर को धमकाते हुए खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताया। आरोपी ने मैनेजर से कागज देने को कहा और जान से मारने की धमकी दी।
घटना से भयभीत मैनेजर ने तुरंत थाना सांकरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की और उसी दिन उसे पकड़कर थाने लाकर पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपी के पास से धमकाने में उपयोग की गई नकली पिस्टल बरामद की गई।
मैनेजर की रिपोर्ट पर थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 31/26 धारा 25(1)(ख) आर्म्स एक्ट एवं धारा 204 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
जप्त सामग्री:
लाईटर वाली नकली पिस्टल
वीवो मोबाइल फोन
बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक OD 17 ASR 9480) कीमत लगभग 1,60,000 रुपये
गिरफ्तार आरोपी:
हिमांशु साहू, पिता जीतेंद्र साहू, निवासी कूड़ाखाई, थाना मेच्छामुंडा, जिला बरगढ़ (ओडिशा)।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
