नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, पशु चारे में छिपा गांजा भी पकड़ा गया।
महासमुंद | 18 फरवरी 2026
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद जिले में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले के कोमाखान, बागबाहरा और खल्लारी थाना क्षेत्रों में मात्र 12 घंटे के भीतर की गई तीन अलग-अलग कार्रवाई में कुल 187.009 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 93 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में उपयोग किए गए टाटा ट्रक, बिना नंबर स्कूटी और हीरो होंडा एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल सहित लगभग 28 लाख रुपये के वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर गांजा परिवहन कर रहे थे, जिनमें पशु चारे में छिपाकर तस्करी करने की कोशिश भी शामिल थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनके सभी प्रयास विफल हो गए।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिले में 38 प्रकरणों में 2494.641 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है और 100 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से 71 आरोपी अन्य राज्यों के हैं, जो अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क की सक्रियता को दर्शाता है।
कोमाखान थाना की कार्रवाई
17 फरवरी को मुखबिर सूचना पर ग्राम गोयनाबाहरा रोड महुआडबरा के पास घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक UP60 CT 5791 को रोका गया। जांच में ट्रक के डाले में पशु चारे की बोरियों के अंदर छिपाकर रखा गया 140 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी:
रविशंकर यादव (बिहार)
सुनील चौहान (उत्तरप्रदेश)
ट्रक, मोबाइल और नगदी समेत 86 लाख 11 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
बागबाहरा थाना की कार्रवाई
नेशनल हाईवे 353 पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर स्कूटी से गांजा परिवहन करते आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी में 23.300 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 11.65 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी:
पुष्पेंद्र साहू (दुर्ग)
स्कूटी, मोबाइल और नगदी सहित 12.75 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।
खल्लारी थाना की कार्रवाई
नेशनल हाईवे 353 पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर जांच करने पर उनके पास से 23.790 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी:
अभिषेक यादव (दुर्ग)
दीपक चंदन (दुर्ग)
मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत 12.49 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
